




बिहार विधानसभा चुनाव पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वाल्मीकिनगर में लाभुकों एवं जीविका दीदियों से करेंगे संवाद लव कुश पार्क का होगा शिलान्यास
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह,
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बिहार विधानसभा चुनाव पूर्व 23 सितंबर को वाल्मीकिनगर का आगमन हो रहा है। सीएम की यात्रा के मद्देनजर जिला प्रशासन के अधिकारियों का वाल्मीकिनगर का दौरा शुरू हो गया है। पूर्व में भी मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर वाल्मीकिनगर में तैयारियां शुरू कर दी गई थी। लेकिन अचानक मुख्यमंत्री के कार्यक्रम रद्द होने के बाद सभी तैयारियां पर विराम लग गया था। शुक्रवार की शाम जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, डीआरडीए के निदेशक अरुण प्रकाश, एडीएम कुमार रवींद्र, डीसीएलआर अंजलिका कृति एसडीएम गौरव कुमार सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने कन्वेंशन सेंटर परिसर का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि 23 सितंबर को मुख्यमंत्री का वाल्मीकिनगर में आगमन संभावित है। मुख्यमंत्री वाल्मीकि नगर में लाभुकों एवं जीविका दीदियों से संवाद करेंगे। साथ ही कुछ जगहों पर शिलान्यास का भी कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। जिसकी तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। वाल्मीकि नगर में कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बेतिया में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी करेंगे।
आदिवासियों के हस्तकला का लगेगा स्टॉल
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन पर आदिवासियों द्वारा हस्त निर्मित वस्तुओं का स्टॉल लगाने का भी कार्यक्रम सुनिश्चित किया गया है। जिसका निरीक्षण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने सहयोगी मंत्रियों के साथ करेंगे। आदिवासियों द्वारा हस्त निर्मित डलिया,मौनी एवं हस्तकरघा से बने कपड़ों के स्टॉल का निरीक्षण करेंगे। उनके आगमन को लेकर स्थानीय लोगों में भी इस बात से खुशी है कि, हो सकता है मुख्यमंत्री वाल्मीकिनगर के लिए कुछ और घोषणा करें।