माँ की आंखों से नहीं थम रहे आंसू, 15 वर्षीय कार्तिक रहस्यमय ढंग से लापता, परिवार में मचा हाहाकार।

0
56

Spread the love

बेतिया मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट।।

बेतिया/मझौलिया। मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के बैठनिया भानाचक पंचायत के वार्ड संख्या 11 में एक 15 वर्षीय छात्र के लापता होने से परिवार और गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है। भानाचक निवासी विनय कुशवाहा का पुत्र कार्तिक कुमार बीते 25 मई से रहस्यमय परिस्थितियों में गायब है। परिजन उसकी तलाश में लगातार जुटे हुए हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्तिक कुमार मोतीलाल हाई स्कूल का वर्ग 9 का छात्र है। वह दो भाइयों में सबसे छोटा तथा एक बहन का भाई है। परिजनों के मुताबिक 25 मई को वह साइकिल से मझौलिया बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई। रात होने के बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।


इसके बाद रिश्तेदारों, मित्रों और ग्रामीणों की मदद से आसपास के गांवों, बाजारों तथा संभावित स्थानों पर तलाश की गई। काफी प्रयास के बावजूद कार्तिक का कोई सुराग नहीं मिलने पर उसके पिता विनय कुशवाहा ने 27 मई को मझौलिया थाना में आवेदन देकर पुत्र की बरामदगी की मांग की।
कार्तिक के लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है। उसकी मां उर्मिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घर का माहौल पूरी तरह गमगीन बना हुआ है और परिजन किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं। गांव के लोग भी बच्चे की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।


मामले को लेकर थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद पुलिस सक्रिय है। बच्चे की तलाश के लिए टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि कार्तिक को सकुशल बरामद करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। परिवार और ग्रामीणों की निगाहें अब पुलिस कार्रवाई और जनसहयोग पर टिकी हुई
है । मझौलिया पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को कार्तिक कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल मझौलिया थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। पूरे क्षेत्र के लोग उसके सुरक्षित घर लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here