

लौरिया से अखिलेश उर्फ दीपक कुमार की रिपोर्ट..
लौरिया। वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार कुशवाहा द्वारा चलाए जा रहे “सांसद चले गांव की ओर” कार्यक्रम के तहत रविवार को सिसवनिया पंचायत के सभी गांवों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को सांसद के समक्ष रखा, जिसमें मूलभूत सुविधाओं का अभाव, किसानों को खाद की उपलब्धता, सड़क निर्माण, जल निकासी तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।इस दौरान सांसद ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि केंद्र एवं बिहार सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ आम लोगों को धरातल पर मिले, इसी उद्देश्य से वे गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। सांसद ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रेरणा से इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जनता की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान बरवा कला, नन्हकार, सिसवनिया शुक्ल टोला, बिरती टोला, पूर्व टोला एवं पश्चिम टोला के ग्रामीणों से भी मुलाकात की। ग्रामीणों ने कटैया मुख्य पथ से मोमीन टोला सिसवनिया चौक तक जाने वाली सड़क पर संवेदक द्वारा गिट्टी बिछाकर कार्य अधूरा छोड़ देने की शिकायत करते हुए शीघ्र निर्माण की मांग की।

वहीं शेखटोली स्थित खनुआ नाला पर बने पुराना पुल जो ध्वस्त हो गया है बाढ के दिनों मे जल निकासी मे बाधक बनता है ।को ध्वस्त कर इसे वहां से पूर्ण रुप से निकालने की बात उठाई ।जिससे बाढ के दिनों मे जल प्रवाह बाधक नहीं बने ।ग्रामीणों का कहना था कि बरसात के दिनों में पुराने पुल के कारण जल निकासी बाधित होती है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। शुक्ल टोला के लोगों ने सड़क और नाला निर्माण की भी मांग रखी। इस अवसर पर सांसद ने पूर्व में निर्मित पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया और उसकी स्थिति पर असंतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया कुशवाहा, प्रखंड अध्यक्ष हिमांशु कुमार, जनार्दन पांडेय, राजा मुखिया, टाइगर सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।










