

बेतिया/वाल्मीकिनगर। गुरुवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश के दौरान तीन नंबर पहाड़ स्थित ऊपरी शिविर में मुख्य अभियंता आवास के समीप लगभग 60 वर्ष पुराने विशाल पीपल के पेड़ की एक बड़ी शाखा अचानक टूटकर सड़क पर गिर गई। शाखा के गिरते ही उसके नीचे से गुजर रही विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पूरे ऊपरी शिविर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और लोग पूरी रात अंधेरे व उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। विशाल शाखा के सड़क पर गिरने से इस महत्वपूर्ण मार्ग पर कई घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। स्थानीय लोगों, पर्यटकों और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से अतिरिक्त दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना देर रात हुई, जब सड़क पर कोई राहगीर, वाहन या मवेशी मौजूद नहीं था। यदि यह घटना दिन के समय होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने बताया कि यह पीपल का पेड़ वर्षों पुराना है और इसके नीचे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग बैठकर विश्राम करते हैं। दिनभर इस मार्ग पर लोगों का आवागमन भी बना रहता है। इसलिए घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने मिलकर राहत कार्य शुरू किया। कई घंटों की मेहनत के बाद पेड़ की टूटी शाखाओं को काटकर सड़क से हटाया गया, जिसके बाद दोपहर में मार्ग पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका। वहीं, बिजली विभाग ने भी क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पुराने और जर्जर पेड़ों का सर्वे कर उनकी समय रहते छंटाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से जन-धन की हानि रोकी जा सके।










