

बगहा/भैरोगंज। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से भैरोगंज पुलिस द्वारा गुरुवार को थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं बाजारों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को शांति, भाईचारा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया। फ्लैग मार्च भैरोगंज बाजार से प्रारंभ होकर भोलापुर खरहट, देउरवा, जुड़ा, मेहूड़ा सहित कई गांवों और प्रमुख चौक-चौराहों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। थानाध्यक्ष सीता केवट ने बताया कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। फ्लैग मार्च में एसआई जयप्रकाश कुमार, मोहित कुमार, बली लोहरा, सुनीता कुमारी, एएसआई नवजीवन पासवान सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। मुहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।










