करंट जाल से वन्यजीवों के शिकार की साजिश नाकाम, दो गिरफ्तार, चार आरोपी फरार।

0
99

Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- वन्यजीव संरक्षण को लेकर सक्रिय वन विभाग ने नाइट पेट्रोलिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए करंट के जरिए शिकार की साजिश का भंडाफोड़ किया है। अभयारण्य क्षेत्र के किनारे 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का इस्तेमाल कर जंगली जानवरों को मारने की तैयारी कर रहे दो वन अपराधियों को टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, वनपाल सूरज राम, वनरक्षी कुंदन कुमार, शुभम कुमार सहित अन्य वनकर्मी नियमित रात्रि गश्ती पर थे। इसी दौरान उन्होंने अभयारण्य के किनारे लगे हाई वोल्टेज बिजली पोल के पास संदिग्ध गतिविधि देखी। जांच करने पर पाया गया कि कुछ लोग नंगे तार जोड़कर उसे जंगल के अंदर तक फैला रहे थे। यह तरीका वन्यप्राणियों को करंट लगाकर मारने के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जो न केवल अवैध है बल्कि अत्यंत खतरनाक भी है। वनकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उनके चार साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे वन्यजीवों के शिकार के बाद तस्करी करने की योजना बना रहे थे। इस गिरोह के तार क्षेत्र के अन्य हिस्सों से भी जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। वाल्मीकिनगर रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन कुमार (पिता- भदई राम) और लव कुमार (पिता- मोहन महतो), दोनों निवासी ठाढ़ी रतीटोला के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वन विभाग ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वन्यजीवों के शिकार और तस्करी के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग या प्रशासन को सूचना दें। इस कार्रवाई से जहां एक बड़ी घटना टल गई, वहीं वन विभाग की सतर्कता और प्रतिबद्धता भी साफ नजर आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here