




मस्ती में रोड पार करते तेंदुए का वीडियो बना पर्यटकों ने किया वायरल
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में रात के अंधेरे में सड़क से गुजर रहा तेंदुआ कैमरे में कैद हो गया है। जो अब यूजर्स के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।यह वीडियो बाल्मीकि नगर बगहा मुख्य पथ का बताया जा रहा है जहां रात के अंधेरे में सफर करते समय पर्यटक को आंखों के सामने तेंदुआ दिखाई पड़ता है। जिसे वह कैमरे में कैद कर लेता है। अब यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में गाड़ी से जा रहे पर्यटक को सड़क पर तेंदुआ चहलकदमी करता हुआ नजर आता है। जिसका पीछा करते हुए वह वीडियो बना लेता है। तेंदुए को कैमरे में रिकॉर्ड करने के चक्कर में शख्स गाड़ी को धीमे-धीमे चलाता है। वीडियो में काफी देर शख्स तेंदुए का पीछा करता है। जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर चला जाता है।
वाल्मीकिनगर बगहा मुख्य मार्ग पर कई बार दिखा है तेंदुआ
यह पहली बार नहीं है, जब तेंदुआ या बाघ जंगल से निकलकर सड़क पर आया हो। इस मार्ग पर धोबहा और चमैनिया पुल के बीच अब तक दर्जनों बार बाघ और तेंदुआ को राहगीरों के द्वारा देखा गया है। रात के अंधेरे में पर्यटक वाल्मीकिनगर से बगहा की ओर जा रहे थे। अचानक उनकी कार के सामने एक तेंदुआ आ गया।कार की तेज़ हेडलाइट में तेंदुए की आंखें चमक रही थीं। इससे कार में बैठे लोगों को डर लगने लगा। उनकी धड़कनें तेज़ हो गईं। कुछ देर के लिए सब शांत हो गए। फिर किसी ने हिम्मत करके मोबाइल निकाला और वीडियो बनाना शुरू कर दिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है। वीडियो में तेंदुआ शान से सड़क पार करता दिख रहा है। वीडियो में पर्यटक कबीर सिंह की आवाज में लेपर्ड लेपर्ड की आवाज सुनाई दे रही है। कबीर सिंह एंड फैमिली ने इस दृश्य को देखने के बाद वीडियो में चीयर करते हुए सुनाई दे रहे थे।
वन्य जीवों के प्रजनन का काल
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में रहने वाले विभिन्न प्रजाति के वन्य जीवों के लिए यह समय प्रजनन का होता है। प्रजनन के समय वन्य जीव इधर-उधर अपने लिए शांत जगह को ढूंढते हैं। इस बाबत बाल्मीकि नगर रेंजर अमित कुमार ने बताया कि जंगल और आसपास के क्षेत्र में इनकी मौजूदगी होने पर सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। ऐसे में अगर कोई जंगल के रास्तों से गुजर रहा है, तो वो अपने वाहन की गति धीमी रखे और वन्य जीवों को देख उसके साथ छेड़खानी न करें।