बेटी को इंसाफ दिलाने की जंग, इंसाफ की आस में थाने के चक्कर काट रहा पीड़ित पिता।

0
125

Spread the love

6 दिन बाद भी खाली हाथ पुलिस, आरोपी अब भी बाहर ?

बेतिया/मझौलिया। दहेज की लालच ने एक और बेटी की जिंदगी छीन ली खबर के मुताबिक मझौलिया प्रखंड क्षेत्र में नवविवाहिता पुष्पा देवी की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। सबसे दर्दनाक बात यह है कि प्राथमिकी दर्ज होने के छह दिन बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। योगापट्टी थाना क्षेत्र के चौमुखा वार्ड संख्या-5 निवासी किशोर यादव ने अपनी पुत्री पुष्पा देवी की शादी करीब दो वर्ष पूर्व मझौलिया थाना क्षेत्र के रुलही पंचायत वार्ड संख्या-3 निवासी श्याम कुमार यादव के साथ पूरे रीति-रिवाज और अरमानों के साथ की थी। पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर बेटी को विदा किया था। विवाह में लाखों रुपये मूल्य के सामान और नकद राशि भी दी गई थी। लेकिन कुछ ही महीनों बाद ससुराल पक्ष की ओर से अपाची मोटरसाइकिल की मांग शुरू हो गई। परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पुष्पा को लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। पिता का कहना है कि 17 जून 2026 की सुबह उनकी बेटी से आखिरी बार बात हुई थी। फोन पर उसने रोते हुए बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। इसके कुछ समय बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। उसके बाद सूचना मिली कि पुष्पा अब इस दुनिया में नहीं रही। मृतका के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई और सबूत मिटाने के उद्देश्य से जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेजा। परिजनों के अनुसार पुष्पा तीन माह की गर्भवती भी थी, जिससे यह घटना और अधिक मार्मिक हो जाती है। इस मामले में पति सहित छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। बावजूद इसके अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। बेटी को खो चुके पिता न्याय की आस में थाना और अधिकारियों के कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं। मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तबातोड़ छापेमारी की जा रही है। इधर, पीड़ित परिवार की एक ही मांग है दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि किसी और बेटी की जिंदगी दहेज की भेंट न चढ़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here