बगहा। विगत सोमवार की शाम बगहा नगर परिषद के कैलाश नगर वार्ड संख्या 08 स्थित नारायणपुर घाट पर एक बालू में दफन एक शव मिला था। जिसकी पहचान करने में पुलिस जुटी हुई थी। स्थानीय लोगों ने शव की पहचान करने की कोशिश की मगर पहचान नहीं हो सकी थी। पठखौली थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा एफएसएल की टीम को बुलाया गया।
इसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु अनुमंडलीय अस्पताल भेजवाया। उक्त घटना का मामला मीडिया द्वारा प्रकाश में आने के बाद मृतक के परिजनों को जानकारी मिली तथा वे अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच कर शव की पहचान कीये। मृतक की पहचान पठखौली थाना क्षेत्र के नरवल बरवल निवासी सुनील सोनी के 17 वर्षीय पुत्र आदित्य सोनी के रूप में की गई है। बुधवार को शव का परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। रोती बिलखती मृतक की मां मुनेरिका देवी ने बताया कि रविवार की रात 10 बजे उससे फोन पर आखिरी बार बात हुई थी। आदित्य ने कहा था कि वह दोस्तों के साथ शादी में जा रहा है। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। अगले दिन (सोमवार) को आदित्य के मोबाइल से उसकी बहन निधि को मैसेज आया। इसमें लिखा था कि वह मुंबई जा रहा है। इस मैसेज के बाद हमलोगों ने उसे फोन किया, लेकिन उसका फोन नहीं लग रहा था।
परिजन उसके बगहा स्थित किराए के कमरे पर पहुंचे। वहां जांच की, लेकिन वहां से कुछ हासिल नहीं हो सका। इस बीच मीडिया के जरिए गंडक नदी किनारे शव मिलने की सूचना हमें मिली। इसके बाद हमलोग पहुंच कर शव का पहचान किए। आदित्य के पिता सुनील सोनी ने इसे साजिश के तहत की गई हत्या बताया है। उन्होंने कहा कि आदित्य पढ़ाई में अच्छा था। उसका किसी के साथ कोई विवाद नहीं था। परिवार का सहारा बनना चाहता था। उनका आरोप है कि हत्या कर शव को बालू में दफना दिया गया है। आदित्य के दोस्तों के साथ जाने की बात सामने आई है, लेकिन उनके नाम नहीं बताए गए हैं। पटखौली थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने कहा कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में जांच-पड़ताल की जा रही है।