अलाव की चिंगारी बनी आफत, आग में जलकर राख हुआ गरीब परिवार का आशियाना, चरघरिया गांव में देर रात लगी भीषण आग।

0
16

Spread the love

लाखों की संपत्ति खाक बेटी की शादी के लिए रखा सामान भी जला, जरूरी कागजात तक नहीं बचा पाया परिवार।

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के चरघरिया गांव में मंगलवार की देर रात भीषण आग लगने से एक गरीब परिवार का आशियाना पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की इस दर्दनाक घटना में घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बैलगाड़ी समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति खाक हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया। पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। जानकारी के अनुसार, चरघरिया गांव निवासी रमाकांत राम ने मवेशियों को मच्छरों से बचाने के लिए घर के पास अलाव जलाया था। देर रात करीब 12 बजे अचानक तेज आंधी चलने लगी, जिससे अलाव की चिंगारियां फैल गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में पूरा घर धू-धू कर जलने लगा। आग की ऊंची लपटें देख आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने बाल्टी, पानी और अन्य उपलब्ध साधनों से आग पर काबू पाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर नियंत्रण पाया। पीड़ित रमाकांत राम ने बताया कि बेटी की शादी के लिए बनवाकर रखा गया फर्नीचर भी आग की भेंट चढ़ गया। घर में रखी चौकी, कपड़े, अनाज, बर्तन, बैलगाड़ी सहित दैनिक उपयोग की सभी वस्तुएं पूरी तरह जल गईं। इतना ही नहीं, परिवार के महत्वपूर्ण दस्तावेज और जरूरी कागजात तक नहीं बचाए जा सके। उन्होंने बताया कि घटना के बाद परिवार के सामने भोजन और रहने का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के कई घंटे बाद तक कोई जनप्रतिनिधि या अधिकारी मदद के लिए नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों ने बताया कि आग ने इतना भयावह रूप ले लिया था कि किसी को घर से सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। परिवार की आंखों के सामने उनकी जीवनभर की जमा पूंजी राख में तब्दील हो गई। अब उनके पास सिर छुपाने के लिए छत तक नहीं बची है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सरकारी मदद नहीं मिली तो परिवार के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here