बकरीद को लेकर वाल्मीकिनगर में सुरक्षा का सख्त पहरा, पुलिस-एसएसबी का फ्लैग मार्च, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई।

0
26

Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए वाल्मीकिनगर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने तथा आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च का नेतृत्व वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने किया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल और एसएसबी के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहे। सुरक्षाबलों का काफिला वाल्मीकिनगर के मुख्य बाजार, चौराहों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च को देखकर जहां आम लोगों में सुरक्षा का एहसास बढ़ा, वहीं असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और गणमान्य लोगों से बातचीत कर सहयोग की अपील की। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने लोगों से बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि यदि कोई शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र होने के कारण वाल्मीकिनगर को संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में सीमा पार से आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और सीमा क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार चेकिंग की जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके। प्रशासन का कहना है कि बकरीद के अवसर पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए हर जरूरी कदम उठाए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here