

भावुक कर देने वाला वीडियो वायरल
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- बिहार के प्रसिद्ध वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में इन दिनों वन्यजीवों की अनोखी गतिविधियां पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। गुरुवार की देर शाम वीटीआर से एक ऐसा भावुक वीडियो सामने आया जिसने न सिर्फ पर्यटकों को रोमांचित किया, बल्कि मां और बच्चों के अटूट रिश्ते की मिसाल भी पेश कर दी। जंगल क्षेत्र में एक मादा भालू अपने दो शावकों के प्रति ममता और सुरक्षा भाव दिखाती नजर आई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार वाल्मीकिनगर जंगल कैंप से बगहा लौट रहे पर्यटकों को जटाशंकर चेक पोस्ट और स्टेट बैंक क्षेत्र के बीच यह दुर्लभ दृश्य देखने को मिला। सड़क किनारे जंगल में दो शावक भालू पेड़ पर चढ़कर अठखेलियां कर रहे थे। दोनों शावकों की मासूम हरकतों को देख पर्यटक कुछ देर के लिए रुक गए और अपने मोबाइल कैमरों से फोटो और वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान वहां मौजूद मादा भालू की नजर पर्यटकों पर पड़ी। अपने बच्चों के प्रति खतरे की आशंका महसूस होते ही मादा भालू तुरंत सक्रिय हो गई। वह पेड़ के तने से लिपटकर शावकों को नीचे उतारने की कोशिश करने लगी। मादा भालू की बेचैनी और अपने बच्चों को सुरक्षित रखने की कोशिश ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। पर्यटकों ने मादा भालू की भावनाओं को समझते हुए वहां से आगे बढ़ना ही उचित समझा। वीडियो बनाते समय कुछ पर्यटक कहते सुनाई दे रहे हैं कि“अपने बच्चों से इंसान ही नहीं, जानवर भी उतना ही प्यार करते हैं जितना हम करते हैं। सच में, अपने तो अपने होते हैं।”वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि मादा भालू अपने शावकों की सुरक्षा को लेकर कितनी सजग थी। वहीं शावक भी पेड़ पर खेलते और एक-दूसरे के साथ मस्ती करते नजर आए। वन्यजीवों के इस स्वाभाविक व्यवहार ने लोगों का दिल जीत लिया है। वन्यजीव विशेषज्ञ अभिषेक का कहना है कि जंगल में इस तरह वन्यजीवों का सहज रूप से दिखाई देना स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र का संकेत है। वीटीआर में बाघ, तेंदुआ, भालू, हिरण और जंगली सुअर समेत कई वन्यजीवों की मौजूदगी इसे देश के प्रमुख वन्यजीव पर्यटन स्थलों में शामिल करती है। लगातार हो रही वन्यजीवों की साइटिंग के कारण वीटीआर में पर्यटकों की संख्या भी बढ़ रही है। खासकर जंगल सफारी के दौरान वन्यजीवों को प्राकृतिक परिवेश में देखना सैलानियों के लिए यादगार अनुभव बनता जा रहा है। मादा भालू और उसके शावकों का यह भावुक वीडियो अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।










