आदिवासी इलाकों में आयुष मंत्रालय की बड़ी पहल।

0
26

Spread the love

लक्ष्मीपुर और झरहरवा में लगा मुफ्त स्वास्थ्य जांच एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर

एनीमिया, मधुमेह, कुपोषण और टीबी को लेकर ग्रामीणों को किया गया जागरूक

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर और झरहरवा गांव में आदिवासी बहुल क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता एवं नि:शुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, पटना की ओर से आयोजित इस अभियान के तहत ग्रामीणों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से विभिन्न बीमारियों के उपचार और बचाव की जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम प्रभारी डॉ. रोहित कुमार रावते के दिशा-निर्देशन एवं परियोजना अन्वेषक डॉ. अशोक कुमार सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। बुधवार को प्रखंड बगहा-दो के ग्राम लक्ष्मीपुर और झरहरवा में आयोजित शिविर में लोगों को विभिन्न बीमारियों के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। झरहरवा गांव में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श कार्यक्रम के दौरान मधुमेह और रक्ताल्पता (एनीमिया) की जांच की गई। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। इस चिकित्सा शिविर से कुल 80 मरीज लाभान्वित हुए। विशेष रूप से 10 से 19 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों की एनीमिया जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया। इसके अलावा 2 से 5 वर्ष तक के बच्चों में कुपोषण की जांच भी चिकित्सकीय टीम द्वारा की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना आयुष मंत्रालय द्वारा पूरे देश में चलाई जा रही है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ाना और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है। वहीं ग्राम झरहरवा में “टीबी उन्मूलन हेतु 100 दिवसीय सघन अभियान” के तहत टीबी जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, जांच, उपचार और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई तथा “टीबी मुक्त भारत” अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में कुल 76 लाभार्थियों ने भाग लिया।
स्वास्थ्य जागरूकता अभियान में डॉ. शमीम आलम, डॉ. शिवम् कुमार प्रियदर्शी, प्रकाश कुमार, ललन पासवान, अर्णव मेटा एवं मनोज कुमार की सक्रिय सहभागिता रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here