

लौरिया से दीपक सिंह की रिपोर्ट
लौरिया। नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 स्थित पड़रौन मोहल्ले में मां दुर्गा मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान 501 कन्याओं द्वारा निकाली गई विशाल कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। कलश यात्रा गाजे-बाजे, बैंड और आकर्षक झांकियों के साथ निकली, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा में हाथी-ऊंट भी आकर्षण का केंद्र रहे। यात्रा सिकरहना नदी तट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच जलबोझी की रस्म पूरी की गई। इसके बाद श्रद्धालु पवित्र जल लेकर मंदिर पहुंचे, जहां आचार्यों द्वारा विधि-विधान से मां दुर्गा की प्रतिमा में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। आयोजन में यजमान के रूप में राजन सोनी, अजय सोनी, बासुदेव यादव, मुन्ना यादव और जटाशंकर साह सहित स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आयोजन की सराहना की।










