

बेतिया/मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट ।।
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के रामपुरवा महनवा पंचायत के वार्ड संख्या 15 स्थित बकुलिया टोला में राजकीय प्राथमिक विद्यालय में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। विद्यालय के अध्यक्ष सह वार्ड सदस्य जावेद आलम, रियाजुद्दीन अंसारी, बाबू जान आलम ,मुश्ताक मियां ,उमर मियां ,अबू शाहिद हाफिज ,कलीमुल्लाह मियां, असलम मियां, सैफ आलम, साहेब अंसारी, अबुसाद आलम ,समीर आलम आदि ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय भवन में लगाए जा रहे टाइल्स कार्य में मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों ने बताया कि टाइल्स लगाने के बावजूद फर्श दलदली स्थिति में है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उनका कहना है कि कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है और निर्माण कार्य पूरी तरह लापरवाही के साथ किया जा रहा है। न तो निर्धारित अनुपात में सामग्री का उपयोग हो रहा है और न ही तकनीकी मानकों का पालन किया जा रहा है।सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित कोई सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। इससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि निर्माण कार्य किस योजना के अंतर्गत और किस संवेदक द्वारा कराया जा रहा है। पारदर्शिता के अभाव ने ग्रामीणों की नाराजगी को और बढ़ा दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि सरकारी योजनाओं की गुणवत्ता बनी रहे और बच्चों के भविष्य से किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो।










