



संस्था के सदस्य ने आवेदन देकर पुलिस से लगाई गुहार
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के धनहा गांव स्थित महात्मा गांधी सेवा आश्रम (संस्था) के परिसर से जलमीनार निर्माण के लिए लगाया गया आयरन स्ट्रक्चर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में संस्था से जुड़े धनंजय कुमार द्विवेदी ने लिखित आवेदन देकर पुलिस प्रशासन से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार धनंजय कुमार द्विवेदी, ग्राम जमुई, पो० जमुई, जिला पटना के स्थायी निवासी हैं तथा वर्तमान में वाल्मीकिनगर थाना अंतर्गत थाड़ी गांव में संस्था के कार्यों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डा के समीप संस्था द्वारा ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जलमीनार निर्माण की योजना चलाई जा रही थी। इसी क्रम में एक मजबूत आयरन स्ट्रक्चर खड़ा किया गया था, जिस पर पानी की टंकी स्थापित की जानी थी। बताया जाता है कि बीते दिनों जब संस्था के सदस्य निर्माण कार्य की प्रगति देखने पहुंचे तो पाया कि जलमीनार के लिए लगाया गया पूरा आयरन स्ट्रक्चर मौके से गायब है। आसपास निरीक्षण करने पर स्पष्ट हुआ कि अज्ञात लोगों ने उसे खोलकर चोरी कर लिया है। धनंजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि इस संबंध में गांव के अगल-बगल के लोगों से पूछताछ की गई, परंतु कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। उन्होंने आशंका जताई कि सुनसान क्षेत्र होने के कारण चोरों ने रात के अंधेरे में वारदात को अंजाम दिया होगा। चोरी की इस घटना से न केवल संस्था को आर्थिक क्षति हुई है, बल्कि गांव में प्रस्तावित पेयजल सुविधा का कार्य भी फिलहाल बाधित हो गया है। संस्था के सदस्यों का कहना है कि जलमीनार निर्माण का उद्देश्य गांव में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना था। क्षेत्र में गर्मी के दिनों में जलसंकट की समस्या बनी रहती है, ऐसे में यह परियोजना ग्रामीणों के लिए काफी महत्वपूर्ण थी। आयरन स्ट्रक्चर चोरी हो जाने से निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। इस मामले में धनंजय कुमार द्विवेदी ने वाल्मीकिनगर थाना में आवेदन देकर जांच की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि सामाजिक एवं जनहित से जुड़े कार्यों में बाधा पहुंचाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।










