नाबालिग के अपहरण का आरोप, परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार।

0
74



Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर रमपुरवा पंचायत से एक नाबालिग लड़की के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने थाना में लिखित आवेदन देकर गांव के ही चार लोगों पर साजिश रचकर पुत्री को बहला-फुसलाकर शादी कराने की नीयत से अपहरण करने का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार आवेदन में बताया गया है कि 7 फरवरी 2026 की सुबह करीब 5 बजे उनकी 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास काफी खोजबीन की गई, रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया, लेकिन लड़की का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद संदेह के आधार पर गांव के ही कुछ लोगों से पूछताछ की गई। आवेदीका ने आरोप लगाया है कि गांव निवासी राजा चौधरी (उम्र 20 वर्ष), उसके पिता लाल बिहारी चौधरी (उम्र 50 वर्ष), निर्मला देवी (उम्र 47 वर्ष) तथा सोशिला देवी ने एक राय होकर साजिश के तहत उनकी नाबालिग पुत्री को राजा चौधरी से शादी कराने के उद्देश्य से अपहरण कर लिया है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब उन्होंने आरोपितों से पुत्री के संबंध में पूछताछ की, तो सभी ने कथित रूप से मारपीट की और धमकी दी। आरोप है कि आरोपितों ने कहा कि वे गांव के दबंग व्यक्ति हैं और यदि थाना में शिकायत की गई तो जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद से परिजन भय और चिंता में हैं। मां का कहना है कि उनकी पुत्री नाबालिग है और उसे बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। उन्होंने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई कर पुत्री की बरामदगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाने की मांग की है। स्थानीय ग्रामीणों के बीच भी इस घटना को लेकर चर्चा है। लोगों का कहना है कि नाबालिग से जबरन विवाह कराने की कोशिश गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई आवश्यक है। इस बाबत थानाध्यक्ष मुकेश चंद्र कुमर ने बताया कि आवेदन के आलोक में बाल्मीकि नगर थाना कांड संख्या दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here