



जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना कांड 21/26 में पुलिस की बड़ी कार्रवाई वाल्मीकिनगर थाना कांड संख्या 21/26 के तहत पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। मामले से जुड़ा डीसीएम ट्रक, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 06/0458 है, को पटखौली क्षेत्र से बरामद कर वाल्मीकिनगर थाना लाया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व एसआई शमीम अहमद ने किया। ट्रक की बरामदगी के बाद पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाल्मीकिनगर थाना में दर्ज कांड संख्या 21/26 के तहत उक्त डीसीएम ट्रक की तलाश की जा रही थी। इस बाबत बाल्मीकिनगर थाने में वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संभावित स्थानों पर छापेमारी शुरू की और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पटखौली के समीप एक डीसीएम ट्रक खड़ा होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही एसआई शमीम अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 06/0458 पाया गया, जो कि वाल्मीकिनगर थाना कांड 21/26 से संबंधित था। आवश्यक सत्यापन के बाद ट्रक को जब्त कर विधिवत थाना लाया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ट्रक को सुरक्षित रूप से थाना परिसर में रखा गया है और उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन छानबीन की जा रही है। थानाध्यक्ष मुकेश चंद्र कुमर ने बताया कि मामले की जांच पूरी पारदर्शिता और गंभीरता से की जा रही है। स्थानीय लोगों के बीच इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।










