



मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट ।।
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया प्रखंड में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन, अंचल अधिकारी राजीव रंजन एवं थाना अध्यक्ष अमर कुमार के संयुक्त नेतृत्व में अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे का अल्टीमेटम जारी किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर यदि अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाया गया तो विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में संबंधित अतिक्रमणकारियों की पूरी जिम्मेदारी स्वयं उनकी होगी। अंचल अधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि जिन लोगों ने सरकारी जमीन, सड़क, नाली या अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा कर रखा है, वे 24 घंटे के अंदर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें।

अन्यथा प्रशासन द्वारा बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जुर्माना व अन्य कानूनी दंडात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित मझौलिया के निर्माण के लिए अतिक्रमण मुक्त होना अत्यंत आवश्यक है। यह अभियान पूरी तरह जनहित में चलाया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को सुविधा मिल सके। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने भी सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने के दौरान यदि कोई कानून को हाथ में लेने या प्रशासनिक कार्य में बाधा डालने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है।








