वंचित किसानों के चेहरे पर लौटी उम्मीद।

0
28



Spread the love

लक्ष्मीपुर रमपुरवा पंचायत में किसान सम्मान निधि जोड़ने को लगा विशेष शिविर

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर रमपुरवा पंचायत के वार्ड नंबर 4 स्थित पिपराकुटी गांव में बुधवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से वंचित किसानों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने भाग लिया और योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की। शिविर का आयोजन कृषि समन्वयक रवींद्र कुमार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें पंचायत के विभिन्न वार्डों के जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। वार्ड नंबर 4 के वार्ड सदस्य रणवीर कुमार शर्मा के साथ-साथ अन्य वार्डों के वार्ड सदस्य भी शिविर में मौजूद रहे और किसानों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान कृषि समन्वयक रवींद्र कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत ऐसे किसान, जो अब तक किसी कारणवश योजना से वंचित रह गए हैं, उन्हें लाभ पहुंचाने के लिए सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर किसानों के आवेदन भरे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिन किसानों के पास जमीन की अद्यतन रसीद उपलब्ध है, उनसे तत्काल रसीद लेकर आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
कृषि समन्वयक ने जानकारी दी कि शिविर में आवेदन करने वाले किसानों के दस्तावेज सत्यापित कर फॉर्म भरा जा रहा है और पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 2 से 3 महीने के भीतर उनके बैंक खातों में सम्मान निधि की राशि भेज दी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन किसानों के पास जमीन की रसीद नहीं है, उन्हें जल्द से जल्द तत्काल रसीद कटवाकर शिविर में या पंचायत कार्यालय में जमा करनी होगी, ताकि उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके। वार्ड सदस्य रणवीर कुमार शर्मा ने बताया कि लक्ष्मीपुर रमपुरवा पंचायत के सभी किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के बारे में सूचित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र किसान इस महत्वपूर्ण योजना से वंचित न रह जाए। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय पर अपने दस्तावेज पूरे कर शिविर में पहुंचें और योजना का लाभ उठाएं। शिविर में पहुंचे किसानों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पहले जानकारी के अभाव या कागजी अड़चनों के कारण वे योजना से वंचित रह गए थे, लेकिन अब पंचायत और कृषि विभाग के सहयोग से उन्हें उम्मीद जगी है कि जल्द ही उन्हें भी आर्थिक सहायता मिलेगी। किसानों ने कहा कि सम्मान निधि की राशि से उन्हें खेती-किसानी में काफी सहूलियत मिलती है। कुल मिलाकर, लक्ष्मीपुर रमपुरवा पंचायत में आयोजित यह शिविर वंचित किसानों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है। पंचायत और कृषि विभाग के संयुक्त प्रयास से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ हर पात्र किसान तक पहुंचे और किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here