संतपुर में ईको विकास समिति का चुनाव संपन्न।

0
52



Spread the love

संतोष काजी अध्यक्ष व कलावती देवी उपाध्यक्ष निर्वाचित

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- वन एवं वन्यजीव संरक्षण को लेकर गठित संतपुर ईको विकास समिति (ईडीसी) का द्विवार्षिक चुनाव बुधवार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में हुए इस चुनाव में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
चुनाव का आयोजन रेंजर अमित कुमार के दिशा निर्देश एवं वनपाल आशीष कुमार के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से संतोष कुमार काजी को ईको विकास समिति का अध्यक्ष तथा कलावती देवी (पति बालकिशुन काजी) को उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित किया। ग्रामीणों के निर्णय पर वन विभाग ने अपनी मुहर लगाते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। रेंजर अमित कुमार ने बताया कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और इसमें ग्रामीणों का उत्साह सराहनीय रहा। उन्होंने कहा कि संतपुर गांव में इससे पूर्व राजेश काजी को विभाग द्वारा अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया था, जिनका कार्यकाल अब पूर्ण हो चुका है। नियमों के अनुसार ईको विकास समिति में सचिव का पद वनपाल के पास रहता है, जबकि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सहसचिव का चयन ग्रामीणों द्वारा किया जाता है।
चुनाव के अवसर पर शंभू काजी, गणेश काजी, गुमास्ता, वंशराज महतो सहित अन्य ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं और उनसे गांव व जंगल के विकास के लिए मिलकर कार्य करने की अपेक्षा जताई। वहीं नवनियुक्त अध्यक्ष संतोष काजी ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर वन एवं वन्य संपदा के संरक्षण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि वन विभाग के सहयोग से वन अपराधों पर रोक, जंगल की आग से सुरक्षा और वन्यजीवों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी।

वन एवं वन्यजीव संरक्षण में अहम भूमिका निभाती है ईको विकास समिति

ईको विकास समिति वन विभाग का एक महत्वपूर्ण अंग है, जिसका गठन जंगल से सटे गांवों में किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य वन क्षेत्रों को आग, अवैध कटाई, शिकारियों एवं अन्य वन अपराधों से सुरक्षित रखना है। समिति के माध्यम से ग्रामीणों और वन विभाग के बीच सीधा समन्वय स्थापित होता है, जिससे समय पर सूचना मिलने पर जंगल एवं वन्यजीवों की रक्षा की जा सके।

ग्रामीणों को मिलती हैं कई सुविधाएं

ईको विकास समिति के गठन से जंगल से सटे गांवों के ग्रामीणों को अनेक लाभ मिलते हैं। वन विभाग द्वारा ऐसे गांवों में गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए टेंट, जेनरेटर, भोजन बनाने के बर्तन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा बकरी पालन, सिलाई मशीन जैसी आजीविका से जुड़ी सहायता भी प्रदान की जाती है। यह सुविधाएं समिति के अध्यक्ष के माध्यम से जरूरतमंद ग्रामीणों को दी जाती हैं। विशेष रूप से आदिवासी बहुल गांवों में इन योजनाओं का लाभ देकर ग्रामीणों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण से जोड़ा जाता है। इस प्रकार संतपुर में संपन्न ईको विकास समिति का चुनाव वन संरक्षण और ग्रामीण विकास की दिशा में एक नई उम्मीद जगा गया ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here