गंडक नदी में मिला लापता व्यक्ति का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका।

0
65



Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र में पिछले दस दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव बुधवार को गंडक नदी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नया टोला निवासी प्रेम कुशवाहा के रूप में की गई है। शव मिलने की सूचना जैसे ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में फैली, मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, शव को देखकर परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार, प्रेम कुशवाहा करीब दस दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। परिजन लगातार यह आशंका जता रहे थे कि प्रेम के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। बुधवार को गंडक नदी में एक शव उतराता हुआ देखे जाने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। शव की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने प्रेम की हत्या कर शव नदी में फेंक दिए जाने की आशंका जताई है। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए बगहा भेज दिया है। शव की स्थिति को देखते हुए यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में थानाध्यक्ष मुकेश चन्द्र कुमार ने बताया कि युवक की गुमशुदगी को लेकर पहले से प्राथमिकी दर्ज थी। अब शव मिलने के बाद मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। और परिजनों द्वारा जताई गई आशंकाओं को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here