दहेज की भेंट चढ़ी रेशमा, मातम में तब्दील हुआ पूरा घर।

0
133

Spread the love

बेतिया/मझौलिया। मझौलिया थाना क्षेत्र में दहेज के लालच ने एक और बेटी की जिंदगी छीन ली। अभी रुलही की पुष्पा हत्याकांड की गूंज थमी भी नहीं थी कि धोकराहा पंचायत से एक और दर्दनाक मामला सामने आ गया। डेढ़ वर्ष पहले जिस बेटी को पिता ने अरमानों के साथ विदा किया था, आज उसी की लाश देखकर पूरा परिवार सदमे में है। धोकराहा पंचायत के वार्ड संख्या-1 निवासी लालू मियां ने मझौलिया थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उन्होंने अपनी पुत्री रेशमा खातून की शादी लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व मुस्लिम रीति-रिवाज से गढ़वा बाजार निवासी खेदू देवान के पुत्र अफरोज आलम के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल की मांग को लेकर रेशमा पर दबाव बनाया जाने लगा। पीड़ित पिता के अनुसार, रेशमा ने फोन पर कई बार बताया था कि यदि दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद अचानक सूचना मिली कि उसकी मृत्यु हो गई है। सूचना मिलने पर 25 जून 2026 की रात करीब 3 बजे वह अपने सहयोगियों के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने रेशमा का शव पड़ा देखा। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि जब उन्होंने घटना के बारे में पूछताछ की तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उन्हें घर में बंद कर दिया। इतना ही नहीं, उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी की हत्या की गई और बाद में मामले को छिपाने का प्रयास किया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक पिता अपनी बेटी के लिए न्याय की गुहार लगा रहा है और पूरे इलाके में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here