पश्चिम चम्पारण में कक्षा 8 तक के स्कूल तीन दिनों के लिए बंद, जिलाधिकारी का बड़ा फैसला,

0
30

Spread the love

25 से 27 जून तक नर्सरी से आठवीं तक की पढ़ाई पर रोक, कक्षा 9 से ऊपर के विद्यालय सुबह 6:30 बजे से 11 बजे तक ही संचालित होंगे।

बेतिया/वाल्मीकिनगर :- पश्चिम चम्पारण जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनजर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से आठवीं तक की शैक्षणिक गतिविधियों को 25 जून से 27 जून 2026 तक पूर्ण रूप से स्थगित करने का आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध केवल विद्यालयों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों पर भी समान रूप से लागू होगा। जिला प्रशासन का मानना है कि दोपहर के समय पड़ रही तेज धूप और लू बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है, जिससे हीट स्ट्रोक और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि, कक्षा 9 और उससे ऊपर की कक्षाओं के लिए शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद नहीं किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि इन कक्षाओं का संचालन केवल सुबह 6:30 बजे से पूर्वाह्न 11:00 बजे तक ही किया जाए। विद्यालय प्रबंधन को समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था 25 जून से प्रभावी होगी और 27 जून तक लागू रहेगी। जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रधानों, प्राचार्यों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों तथा थानाध्यक्षों को आदेश के अनुपालन की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को इसकी निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है और दोपहर के समय गर्म हवाओं का प्रकोप भी बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन द्वारा उठाया गया यह कदम बच्चों को संभावित स्वास्थ्य जोखिमों से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने दें और गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी तथा अन्य सावधानियों का पालन करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here