बाल्मीकिनगर में 21 जून को होगा 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह।

0
28

Spread the love

केंद्रीय राज्यमंत्री सतीश चन्द्र दुबे होंगे मुख्य अतिथि, कुशल प्रशिक्षकों के निर्देशन में होगा सामूहिक योगाभ्यास।

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- राज्य आयुष समिति, बिहार के सौजन्य से जिला देशी चिकित्सा विभाग, पश्चिम चंपारण द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 का भव्य आयोजन 21 जून (रविवार) को बाल्मीकिनगर स्थित कन्वेंशन हॉल परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 6 बजे होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। योग दिवस के अवसर पर कुशल एवं प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित करना है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के कोयला एवं खनन विभाग के माननीय राज्यमंत्री सतीश चन्द्र दुबे होंगे। उनके साथ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। जिला देशी चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है। प्रभारी जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण ने जिले के सभी नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से योग दिवस का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here