

बेतिया/मझौलिया। पश्चिम चंपारण के मझौलिया प्रखंड के युवा धर्मेंद्र कुमार ने आस्था, साहस और संकल्प का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए साइकिल से बाबा केदारनाथ धाम की कठिन यात्रा पूरी कर अपने गृह जिले वापसी की। 37 दिनों तक चली इस धार्मिक यात्रा के सफल समापन पर बेतिया रेलवे स्टेशन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। बैठनिया भानाचक पंचायत के वार्ड संख्या-9 निवासी भरत कुशवाहा के पुत्र धर्मेंद्र कुमार ने हजारों किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए। यात्रा के दौरान उन्होंने कई राज्यों और दुर्गम पहाड़ी रास्तों को पार किया। कठिन मौसम, लंबी दूरी और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपना लक्ष्य नहीं छोड़ा और सफलतापूर्वक यात्रा पूरी की। धर्मेंद्र ने बताया कि केदारनाथ धाम पहुंचकर उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके जीवन का सबसे यादगार अनुभव रही, जिसे बाबा केदारनाथ की कृपा और परिवार के सहयोग से पूरा कर सके।बेतिया स्टेशन पहुंचने पर परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख नरेश कुमार यादव, प्रमुख प्रतिनिधि मंटू कुशवाहा, मुखिया संघ अध्यक्ष हरिलाल यादव, मुखिया सत्य प्रकाश दीनानाथ साह, पैक्स अध्यक्ष मनीष कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी।उपस्थित लोगों ने धर्मेंद्र की दृढ़ इच्छाशक्ति, धार्मिक आस्था और साहस की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। धर्मेंद्र की उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उनके संकल्प व समर्पण की प्रशंसा कर रहे हैं।










