घड़ियाल की रहस्यमयी मौत से मचा हड़कंप, एगोरिया साईफन पुल के नीचे पानी में उतराता मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

0
30

Spread the love

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- वाल्मीकिनगर वनक्षेत्र के भटवा टोला स्थित शिव मंदिर के समीप एगोरिया साईफन पुल के नीचे एक घड़ियाल का शव पानी में उतराता हुआ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दुर्लभ एवं संरक्षित जलीय जीव के मृत मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। प्रकृति प्रेमी ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए वन विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने पानी में एक घड़ियाल का शव देखा। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही विभाग सक्रिय हो गया। रेंजर सत्यम कुमार के निर्देश पर फॉरेस्टर सूरज राम के नेतृत्व में वनकर्मियों की एक रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक घड़ियाल के शव को पानी से बाहर निकाला और उसे अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया घड़ियाल की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मृत घड़ियाल के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट बाहरी चोट के निशान भी नहीं पाए गए हैं। ऐसे में उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल जांच का विषय बना हुआ है। रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि घड़ियाल के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति सामने आती है तो मामले की विस्तृत जांच भी कराई जाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि घड़ियाल जैसे संरक्षित वन्यजीव का मृत पाया जाना अत्यंत गंभीर विषय है। इसके पीछे के कारणों की गहन जांच होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। गौरतलब है कि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण के लिए देशभर में अपनी विशेष पहचान रखता है। यहां विभिन्न दुर्लभ वन्यजीवों के साथ-साथ जलीय जीवों का भी महत्वपूर्ण आवास है। ऐसे में घड़ियाल जैसे दुर्लभ प्रजाति के जीव की मौत वन्यजीव संरक्षण के दृष्टिकोण से चिंता का विषय बन गई है। वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here