रास्ता विवाद में बुजुर्ग पर जानलेवा हमला, कुल्हाड़ी से किया वार, सात लोगों पर मारपीट का आरोप।

0
44

Spread the love

गंभीर हालत में जीएमसीएच बेतिया में चल रहा इलाज

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर: थाना क्षेत्र के नारायणापुर वार्ड संख्या-06 में रास्ते के विवाद को लेकर एक बुजुर्ग पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल बुजुर्ग का इलाज जीएमसीएच बेतिया में चल रहा है। घटना को लेकर पुलिस के समक्ष दर्ज फर्दबयान में सात लोगों को आरोपित बनाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नारायणापुर निवासी बिंदा गोंड (60 वर्ष) ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया है कि बीते 2 मई की शाम करीब आठ बजे रास्ते के विवाद को लेकर उनके पड़ोसी सरफुदीन मियां, मुस्तफा मियां, सकुर मियां, मोहताब मियां, सकिआमा खातून, राहुल मियां तथा सुभाष गोंड उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सरफुदीन मियां ने कथित रूप से लोहे की कुल्हाड़ी से उनके सिर पर वार कर दिया। हालांकि बचने के प्रयास में वार उनकी ठोड़ी पर लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घायल बुजुर्ग का आरोप है कि इसके बाद सभी आरोपितों ने लाठी-डंडों से उनकी पिटाई की, जिससे उनके शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल बगहा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। जीएमसीएच बेतिया में इलाज के दौरान पुलिस ने घायल का फर्दबयान दर्ज किया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here