अधिनायक लिपिक भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 11 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी परीक्षा।

0
27

Spread the love

जैमर-सीसीटीवी और बायोमेट्रिक से होगी हर अभ्यर्थी की जांच

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक लिपिक पद पर नियुक्ति के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए पश्चिम चम्पारण जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के विज्ञापन संख्या-01/2026 के तहत यह परीक्षा आगामी 10 जून को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा को लेकर समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, प्रेक्षक, महिला दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल के पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता और ईमानदारी से करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि परीक्षा 10 बजे पूर्वाह्न से 12 बजे दोपहर तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 8:30 बजे तक रिपोर्टिंग करनी होगी, जबकि परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अंतिम समय-सीमा सुबह 9:30 बजे निर्धारित की गई है। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक सत्यापन और वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी। साथ ही इन व्यवस्थाओं के संचालन में लगे कर्मियों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की तकनीकी या मानवीय त्रुटि की संभावना न रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, लिखित सामग्री, सादा कागज या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केंद्र के मुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार आवश्यक निर्देश प्रसारित किए जाएंगे। जिला पदाधिकारी ने परीक्षा दिवस पर विधि-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सुविधा एवं अग्निशमन व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। जिला प्रशासन का दावा है कि इस बार परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और कदाचारमुक्त बनाने के लिए बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here