गैस आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त, जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध।

0
26

Spread the love

34 हजार से अधिक घरेलू और 1416 वाणिज्यिक सिलेंडर उपलब्ध, एक दिन में 10,969 घरों तक पहुंची गैस।

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- पश्चिम चम्पारण जिले में घरेलू एवं वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने राहतभरी जानकारी दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से गैस उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पर्याप्त स्टॉक होने के कारण आम लोगों को गैस संकट की आशंका से घबराने की जरूरत नहीं है। अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने सोमवार को बताया कि वर्तमान में जिले में 14.2 किलोग्राम क्षमता वाले 34,258 घरेलू गैस सिलेंडर तथा 19 किलोग्राम क्षमता वाले 1,416 वाणिज्यिक गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। यह स्टॉक जिले की वर्तमान जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। उन्होंने बताया कि 7 जून को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 10,969 गैस सिलेंडरों की सफलतापूर्वक होम डिलीवरी की गई। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो तथा वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। इसके लिए संबंधित एजेंसियों एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि गैस वितरण और आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों पर भी प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रहा है। अब तक प्राप्त 10 शिकायतों को संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों के पास भेजकर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।

साथ ही शिकायतों के निष्पादन की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली तथा वितरण व्यवस्था पर जिला प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। किसी भी प्रकार की अनियमितता, विलंब या उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानी को गंभीरता से लिया जा रहा है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि गैस बुकिंग, होम डिलीवरी या आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या की स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06254-247002 एवं 06254-247003 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित निस्तारण किया जाएगा तथा जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here