दुकानदार पर जानलेवा हमला, गल्ले से 5300 रुपये लूटने का आरोप, पैसा मांगने पर चाकू से धमकाया।

0
173

Spread the love

लोहे की पाइप से सिर पर वार कर किया घायल, पीड़ित ने थाने में लगाई गुहार।

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के पिपरा कुट्टी पवार हाउस निवासी एक दुकानदार ने गांव के ही छह लोगों पर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर न्याय की मांग की है। दिए गए आवेदन में कलाम देवान ने बताया है कि वह अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान गांव के आजाद देवान, साहिब देवान सहित अन्य लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि आजाद देवान और साहिब देवान शराब के नशे में थे और दुकान से कुरकुरे-चिप्स लेने के बाद जब उनसे पैसे मांगे गए तो वे गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित के अनुसार, पैसे मांगने पर आजाद देवान ने जेब से चाकू निकालकर धमकी दी कि यदि दोबारा पैसे मांगे गए तो चाकू मार दिया जाएगा। इसके बाद आरोपितों ने अपने अन्य परिजनों को बुला लिया और सभी मिलकर उसके घर में घुस गए। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान आजाद देवान ने लोहे की पाइप से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। कलाम देवान का कहना है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने दुकान के गल्ले में रखे करीब 5300 रुपये भी निकाल लिए। इतना ही नहीं, जाते समय पूरे परिवार को जान से मारने और थाने में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने थानाध्यक्ष से अपने एवं परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस द्वारा आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here