अब दुनिया देखेगी वीटीआर की अद्भुत दुनिया, आज तक की टीम बना रही विशेष डॉक्यूमेंट्री।

0
34

Spread the love

बाघों के कुनबे और जंगलों की रोमांचक कहानी पहुंचेगी देश-विदेश तक

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- बिहार के एकमात्र बाघ अभयारण्य वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण की सफलता की कहानी अब देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंचेगी। देश के प्रतिष्ठित समाचार चैनल ‘आज तक’ की विशेष टीम इन दिनों वाल्मीकिनगर में वीटीआर पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री और रिपोर्ट की शूटिंग कर रही है। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार एवं एंकर श्वेता सिंह भी टीम के साथ मौजूद हैं। डॉक्यूमेंट्री में वीटीआर के घने जंगलों, बाघों के बढ़ते कुनबे, वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों, प्राकृतिक सौंदर्य और यहां की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता से दर्शाया जा रहा है। अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक कैमरों की मदद से जंगलों के दुर्लभ दृश्य, वन्यजीवों की गतिविधियां, गंडक नदी के मनोरम नजारे तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को कैमरे में कैद किया जा रहा है। इन दृश्यों का प्रसारण आज तक के डिजिटल और टेलीविजन प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा।

भारत-नेपाल सीमा से सटा वाल्मीकि टाइगर रिजर्व पश्चिम चंपारण जिले में स्थित है और अपनी हरी-भरी वादियों, जंगल सफारी तथा वन्यजीवों की विविधता के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। यहां बाघ, तेंदुआ, गौर, भालू, हिरण, सांभर तथा अनेक दुर्लभ और प्रवासी पक्षियों का प्राकृतिक आवास है। यही वजह है कि यह क्षेत्र प्रकृति प्रेमियों और वन्यजीव फोटोग्राफरों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इस विशेष डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से दर्शकों को बिहार की प्राकृतिक धरोहर, वन संपदा और संरक्षण की सफल कहानियों से परिचित होने का अवसर मिलेगा। माना जा रहा है कि यह प्रस्तुति न केवल वीटीआर की खूबसूरती को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाएगी, बल्कि बिहार पर्यटन की ब्रांडिंग को भी नई मजबूती प्रदान करेगी। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के क्षेत्र निदेशक एवं मुख्य वन संरक्षक गौरव ओझा ने बताया कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत दिल्ली से आई टीम वीटीआर के प्रमुख पर्यटन स्थलों और संरक्षण कार्यों का फिल्मांकन कर रही है। उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री देश-विदेश के दर्शकों को वीटीआर की अद्भुत दुनिया से परिचित कराएगी तथा अधिक से अधिक पर्यटकों को यहां आने के लिए प्रेरित करेगी। इससे पर्यटन विकास के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here