

नशे की हालत में गिरफ्तारी के बाद बिगड़ी थी तबीयत, उत्पाद विभाग पर मारपीट का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
जिला ब्यूरो विवेक कुमार सिंह
बेतिया। पश्चिम चम्पारण के बेतिया मंडल कारा में बंद एक कैदी की जीएमसीएच अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। मृतक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के बैशखवा वार्ड संख्या-6 निवासी चोकट साह के 35 वर्षीय पुत्र भूलन साह के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने गिरफ्तारी और उपचार प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। जानकारी के अनुसार, 9 जून को सिकटा थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीम ने भूलन साह को कथित रूप से नशे की हालत में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेजा गया। बताया जाता है कि 10 जून को जेल में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद कारा प्रशासन ने उन्हें तत्काल जीएमसीएच, बेतिया के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। इलाज के दौरान शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि उत्पाद विभाग द्वारा गिरफ्तारी के दौरान उनके साथ मारपीट की गई थी, जिसके कारण उनकी तबीयत बिगड़ी। परिजनों ने यह भी दावा किया कि उन्हें भूलन साह की तबीयत खराब होने की जानकारी समय पर नहीं दी गई और मौत के बाद ही कारा प्रशासन की ओर से सूचना मिली। परिजनों के अनुसार, 10 जून को ही जमानत के लिए अदालत में आवेदन दायर किया गया था तथा जमानत राशि भी जमा कर दी गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि भूलन साह जमीन खरीदने के सिलसिले में अपने ससुराल मंगलपुर घरारी गए थे और उनके पास करीब दो लाख रुपये नकद थे, जिनका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। उनका मोबाइल फोन भी गायब बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी लीलावती देवी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।










