

सहयोग शिविर में अधिकारियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, विभिन्न विभागों ने मौके पर किया समाधान।
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सीधे गांव स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली। शिविर के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मंशा है कि सरकार गांव की चौखट तक पहुंचे और आम लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। अधिकारियों ने बताया कि सहयोग शिविर इसी सोच का हिस्सा है, जहां प्रशासन खुद गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से आम लोगों को काफी सहूलियत मिल रही है। कई लोगों ने अपनी समस्याएं बिजली, राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य और प्रमाण पत्र से संबंधित विभागों के समक्ष रखीं, जिन पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

इस सहयोग शिविर के नोडल पदाधिकारी सामान्य प्रशासन विभाग से आए प्रतिनिधि पदाधिकारी पूर्णेन्दु कुमार रहे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी, ने की। पटना स्तर से भी कार्यक्रम की मॉनिटरिंग की गई ताकि शिविर की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का आकलन किया जा सके।
शिविर में विडु कुमार राम, वाल्मीकि नगर मुखिया पन्नालाल साह, गनिया देवी, रमेश महतो सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इनमें स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, पंचायत सचिव, बिजली विभाग, आरटीपीएस, राजस्व विभाग के अधिकारी तथा अन्य कर्मी शामिल थे। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सभी बुनियादी सुविधाएं और योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिले। इसके लिए प्रशासनिक टीम लगातार गांवों में पहुंचकर शिविरों का आयोजन कर रही है। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल को जनहित में सराहनीय कदम बताते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।










