

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर :-थाना क्षेत्र के रोड टंकी बाजार में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में वेल्डिंग मिस्त्री की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान लव कुश घाट निवासी कमलेश मिस्त्री के रूप में की गई है, जो वर्षों से वेल्डिंग का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम कमलेश अपनी दुकान पर रोज की तरह वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मशीन में बिजली का तेज करंट प्रवाहित हो गया। देखते ही देखते वह करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कर उन्हें बचाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वाल्मीकिनगर लेकर पहुंचे। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार अत्यधिक करंट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। कमलेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कमलेश मेहनती और मिलनसार व्यक्ति थे। उनकी अचानक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।










