

मंत्री, सांसद और विधायकों की मौजूदगी में 500 से अधिक कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा, आज होगा समापन।
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर: भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिलास्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ शनिवार को वाल्मीकिनगर स्थित नवनिर्मित कन्वेंशन सेंटर में वंदेमातरम और राष्ट्रगान के साथ हुआ। प्रशिक्षण महाअभियान में जिले भर से पहुंचे 500 से अधिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम, बेतिया सांसद संजय जयसवाल, बगहा विधायक राम सिंह, पूर्व विधायक राजेश सिंह, जिलाध्यक्ष अचिंत्य कुमार लल्ला सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद भाजपा नेताओं ने अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री नंदकिशोर राम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जहां जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान और अवसर दोनों मिलते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का वास्तविक मेरुदंड बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं और संगठन की मजबूती उन्हीं के समर्पण पर आधारित है।

मंत्री ने कहा कि यह प्रशिक्षण महाअभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक मजबूती और राष्ट्रहित के मुद्दों पर प्रशिक्षित करना है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर को दो वर्गों में विभाजित किया गया है। शनिवार को पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया, जबकि रविवार को दोनों वर्गों के कार्यकर्ता संयुक्त रूप से प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश स्तर के वक्ताओं ने देश के समक्ष मौजूद राजनीतिक और सामाजिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। सांसद संजय जयसवाल ने कार्यकर्ताओं को वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और सामाजिक चुनौतियों से निपटने के उपायों की जानकारी दी। वहीं बूथ प्रबंधन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” के उद्देश्य पर भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में प्रवेश से पहले सभी कार्यकर्ताओं की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके लिए 200 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया था। पंजीकरण के बाद कार्यकर्ताओं को हैंडबैग, डायरी, कलम और पार्टी साहित्य उपलब्ध कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा और गोपनीयता को विशेष महत्व दिया गया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था। मीडिया को भी सीमित जानकारी देकर प्रशिक्षण स्थल से बाहर रखा गया। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रशिक्षण शिविर में हुई चर्चाओं और महत्वपूर्ण निष्कर्षों को रविवार को समापन समारोह के दौरान सार्वजनिक किया जाएगा।










