थरुहट की लोककला को गहरा आघात, लोकप्रिय कलाकार खूबलाल बड़घड़िया नहीं रहे, हृदय गति रुकने से निधन।

0
10

Spread the love

स्वरांजलि सेवा संस्थान में शोकसभा आयोजित कर दी गई श्रद्धांजलि

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर : थाना क्षेत्र स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यास स्वरांजलि सेवा संस्थान के मुख्यालय परिसर में बुधवार को एक शोकसभा का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत राज जिमरी नौतनवां के मुखिया एवं थरुहट क्षेत्र के लोकप्रिय लोक कलाकार खूबलाल बड़घड़िया का 06 मई को अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शोकसभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान को याद किया। संस्था के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं समाजसेवी संगीत आनंद ने कहा कि खूबलाल बड़घड़िया के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। उन्होंने बताया कि नारायणी गंडकी महाआरती कार्यक्रम में वे कई बार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे तथा उनकी कला और समाज सेवा के लिए कई अवसरों पर सम्मानित भी किए गए थे। उन्होंने कहा कि थरुहट की लोकसंस्कृति को जीवंत बनाए रखने में खूबलाल जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। शोकसभा में उपस्थित कामेश्वर श्रीवास्तव ने कहा कि खूबलाल जी की कमी हमेशा महसूस की जाएगी। उन्होंने कई दशकों तक लोककला की साधना की और अपनी प्रतिभा से लोगों का मनोरंजन करने के साथ-साथ समाज को सांस्कृतिक रूप से समृद्ध किया। वहीं थरूहट के निर्माता एचेल थारू ने कहा कि वे थारू कला संस्कृति एवं प्रशिक्षण संस्थान के एक सक्रिय स्तंभ थे और उनके निधन से कला जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है। लेखक सच्चिदानंद सौरभ ने कहा कि खूबलाल बड़घड़िया अपनी अनूठी गायन शैली और मिमिक्री के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। वे पशु-पक्षियों की आवाज निकालकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया करते थे। संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्षा अंजु देवी ने बताया कि अपनी प्रतिभा के दम पर उन्होंने निर्माता-निर्देशक विनय बिहारी द्वारा निर्मित फिल्म लोहा सिंह सरकार में अभिनय भी किया था। शोकसभा में स्वरांजलि सरगम, धर्मेंद्र कुमार गुप्ता, कुमारी संगीता, रोशन कुमार, सीताराम शर्मा, हीरीमती देवी, भारत कुमार, सुभावती देवी, सत्येंद्र सिंह, सुमन सिंह एवं डॉ. नंद महतो सहित कई लोगों ने गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here