

बेतिया/मझौलिया। प्रखंड क्षेत्र की मझौलिया पंचायत के वार्ड संख्या 13 स्थित सतभीड़वा गांव में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बेलघाटी नहर में नहाने के दौरान एक ही परिवार के तीन मासूम डूब गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों की तत्परता से तीनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।डूबने वाले बच्चों की पहचान सहजाद अंसारी की 16 वर्षीय पुत्री साजिया खातून, 14 वर्षीय पुत्री नाजनी खातून तथा 10 वर्षीय पुत्र जीसान आलम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि तीनों भाई-बहन नहर में नहा रहे थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से वे डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों को बाहर निकाला।इसके बाद सभी को आनन-फानन में मझौलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सुरेश प्रसाद ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक ने दोनों बालिकाओं की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें जीएमसीएच रेफर कर दिया, जबकि बालक की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर बताई गई।डॉ. सुरेश प्रसाद ने बताया कि समय पर उपचार मिलने से तीनों बच्चे फिलहाल खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद परिवार में दहशत और गांव में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने नहरों के किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बच्चों को बिना निगरानी के नहर में नहाने से रोकने की अपील की।










