संतपुर सोहरिया में 19 मई को लगेगा ‘सहयोग शिविर’, हर योजना का मिलेगा सीधा लाभ।

0
14

Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- बगहा-2 प्रखंड की संतपुर सोहरिया ग्राम पंचायत में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ घर के करीब उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 19 मई 2026 (मंगलवार) को पंचायत भवन, झरहरवा में ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन, पश्चिम चम्पारण (बेतिया) के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहेंगे, जिससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उनकी शिकायतों का मौके पर ही निष्पादन सुनिश्चित करना है। शिविर में राशन कार्ड से जुड़े नए आवेदन, सुधार और नाम जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन योजनाओं के आवेदन एवं भुगतान से संबंधित समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन, स्वीकृति और भुगतान संबंधी कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। आधार सेवा के अंतर्गत नामांकन, सुधार, लिंकिंग और डाउनलोड की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन एवं निर्गत करने की प्रक्रिया भी यहीं पूरी की जाएगी। मनरेगा से जुड़े जॉब कार्ड, मस्टर रोल और भुगतान संबंधी शिकायतों का भी मौके पर समाधान किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड और अन्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, जबकि शिक्षा विभाग छात्रवृत्ति, नामांकन और अन्य शैक्षणिक सेवाओं में सहायता प्रदान करेगा। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here