

मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट।।
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के जौकटिया स्थित होटल सुहानी शौर्य के समीप आयोजित चम्पारण सद्भाव यात्रा ने क्षेत्र में उत्साह का माहौल पैदा कर दिया। निशांत कुमार के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा इलाका जनसैलाब में तब्दील नजर आया। कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय लोगों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। यात्रा के दौरान स्वागत का भव्य दृश्य देखने को मिला। जेसीबी के जरिए फूलों की बारिश कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया, वहीं कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से निशांत कुमार का जोरदार स्वागत किया। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। पूरे आयोजन में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया। इस मौके पर निशांत कुमार ने कहा कि वे अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और समाज के विकास में सहभागी बनने की अपील की।मौके पर अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष विजय गुप्ता ने कहा कि इस तरह की यात्राएं समाज को जोड़ने का कार्य करती हैं और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाती हैं। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न कुशवाहा ने कहा कि चम्पारण की धरती हमेशा से सामाजिक एकता और जागरूकता की मिसाल रही है। मझौलिया प्रखंड अध्यक्ष अशोक पटेल ने कहा कि यह यात्रा क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का संकेत है और इससे लोगों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रूप से संचालित किया गया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
समापन के बाद आयोजकों ने प्रशासन के सहयोग की सराहना की और कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से यह सद्भाव यात्रा सफल रही, मौके पर डॉ एन एन शाही, दीनानाथ साह, सतनारायण ठाकुर ,अशोक साह, व्यास पटेल, डॉ.मुकेश कुशवाहा, दूधनाथ सिंह सहित अन्य सैकड़ो की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे । बताते चले कि आयोजित कार्यक्रम के दौरान चप्पे चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई थी।










