

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह,
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना परिसर में शनिवार को स्वर्ण व्यवसायियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें लूटपाट पर नियंत्रण को लेकर गंभीर चर्चा हुई। बैठक का उद्देश्य सोना-चांदी कारोबारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और संभावित घटनाओं को रोकने के लिए ठोस रणनीति बनाना था। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपस्थित दुकानदारों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी स्वर्ण व्यवसायी अपनी दुकानों पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाएं। इससे न केवल अपराधियों पर नजर रखी जा सकेगी, बल्कि किसी भी घटना की स्थिति में साक्ष्य भी उपलब्ध रहेगा। बैठक में करीब एक दर्जन सोना-चांदी दुकानदार शामिल हुए, जिन्होंने अपने-अपने सुझाव भी साझा किए। व्यवसायियों ने पुलिस से नियमित गश्ती बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की। इस पर थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि पुलिस क्षेत्र में गश्ती को और मजबूत करेगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। बैठक के अंत में सभी व्यवसायियों ने पुलिस के निर्देशों का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस पहल को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।










