

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थल वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) में इस बार पर्यटन सीजन फीका पड़ता नजर आ रहा है। गंडक नदी के जलस्तर में गिरावट और जलाशय में पानी की कमी के कारण यहां का सबसे आकर्षक केंद्र—नौका विहार—पूरी तरह बंद है। इससे दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। वीटीआर से सटे गंडक बराज के जलाशय में हर साल पर्याप्त पानी रहने से नौका विहार सुचारू रूप से चलता था। पर्यटन सीजन के दौरान यहां प्रतिदिन दर्जनों पर्यटक बोटिंग का आनंद लेने पहुंचते थे, जिससे क्षेत्र में चहल-पहल बनी रहती थी। लेकिन इस बार जलस्तर नीचे होने के कारण जलाशय लगभग सूना पड़ा है और पर्यटन गतिविधियां ठप हो गई हैं।
पर्यटन विभाग द्वारा तैयार किए गए टूर पैकेज में नौका विहार प्रमुख आकर्षण होता है, लेकिन इसके बंद रहने से पर्यटकों को अधूरा अनुभव मिल रहा है। स्थानीय व्यवसायियों पर भी इसका असर पड़ा है, क्योंकि नौका विहार से जुड़ी गतिविधियों से उनकी आमदनी होती थी। गंडक बराज नियंत्रण कक्ष के सहायक अभियंता सुजीत कुमार के अनुसार, वर्तमान में बराज के फाटकों की मरम्मत का कार्य भी जारी है। यह रूटीन मेंटेनेंस कार्य हर वर्ष किया जाता है, ताकि जल प्रबंधन सुचारू बना रहे। मरम्मत कार्य आगामी अप्रैल माह के अंत तक पूरा होने की संभावना है, जिसके बाद जलाशय में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार जलाशय में पर्याप्त पानी नहीं होने के कारण नौका विहार फिलहाल बंद है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले महीने के अंत तक स्थिति सामान्य हो जाएगी और पर्यटक फिर से नौकायन का आनंद ले सकेंगे। वीटीआर आने वाले अधिकांश पर्यटकों के लिए जंगल सफारी के साथ-साथ नौका विहार भी एक प्रमुख आकर्षण रहा है। ऐसे में इसके बंद रहने से पर्यटन अनुभव अधूरा रह जा रहा है। अब सभी की नजरें बराज मरम्मत कार्य के पूरा होने और जलस्तर में सुधार पर टिकी हैं, ताकि वीटीआर की रौनक फिर से लौट सके।










