

बेतिया जिला ब्यूरो विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र में मधनिषेध कानून के तहत पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 मार्च की संध्या गश्ती के दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि हवाई अड्डा कैलाशपुर स्थित मुसहर टोली में अवैध रूप से देशी चुलाई शराब का निर्माण एवं बिक्री की जा रही है।
सूचना के सत्यापन हेतु पुलिस टीम, जिसमें अनिल पासवान सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं चौकीदार शामिल थे, तत्काल मौके पर पहुंची। एलटीएफ टीम के सहयोग से क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान मुसहर टोली के समीप एक पईन (नाला) में छिपाकर रखा गया पीले रंग का प्लास्टिक झोला बरामद किया गया।
झोले की तलाशी लेने पर उसमें छह अलग-अलग पॉलीथिन में कुल 13 लीटर देशी चुलाई शराब पाई गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी शराब के संबंध में जानकारी नहीं दी। कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस ने जब्ती सूची तैयार कर एक लीटर शराब को जांच हेतु सील कर लिया तथा शेष शराब को जब्त कर थाना लाया गया।
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के कारण इस प्रकार की गतिविधियां गंभीर अपराध की श्रेणी में आती हैं। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।










