

जिला ब्यूरो विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब नेपाल भ्रमण कर लौट रहे तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर वापस अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाल्मीकिनगर-बगहा मुख्य पथ पर धोबहां पुल के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना राहगीरों ने तुरंत डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वाल्मीकिनगर पहुंचाया। घायलों की पहचान दिवाकर कुमार (17 वर्ष), प्रीतम कुमार और वरुण कुमार, सभी निवासी ग्राम परसौनी, थाना गोवर्धना के रूप में हुई है। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. एन.के. सैनी ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि एक युवक का पैर टूट गया है, दूसरे के मुंह में गंभीर चोट है, जबकि तीसरे युवक के हाथ, पैर और छाती में चोटें आई हैं। तीनों की स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल बगहा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार और बाइक पर तीन लोगों के सवार होने के कारण संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।










