



जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के नीतीश नगर गांव में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वाल्मीकिनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने आठ लीटर देसी चुलाई शराब के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष मुकेश चंद कुंवर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में अवैध रूप से देसी शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नीतीश नगर में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान ज्ञानती देवी, पति लक्ष्मण मुसहर, के घर से आठ लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई। मौके पर ही महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार बरामद शराब बिक्री के उद्देश्य से रखी गई थी। जब्त की गई शराब को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। गिरफ्तार महिला के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ।










