शराब बनाने लायक ‘काला गुड़’ पर बड़ी कार्रवाई, 50 क्विंटल से अधिक गुड़ नष्ट, कई क्रॉसरों पर संयुक्त छापेमारी।

0
42



Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह,

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- अवैध शराब निर्माण पर रोक लगाने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग और गन्ना विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। जांच का नेतृत्व गन्ना अधिकारी एवं केन डेवलपमेंट ऑफिसर राम सिंह ने किया। इस दौरान लक्ष्मीपुर, भेड़िहारी, चम्पापुर, गोनौली और नौरंगिया सहित कई क्रॉसरों की सघन जांच की गई।
छापेमारी के क्रम में टीम को बड़ी मात्रा में ‘काला गुड़’ बरामद हुआ। अधिकारियों के अनुसार बरामद गुड़ की गुणवत्ता ऐसी पाई गई, जिसका उपयोग अवैध रूप से शराब बनाने में किया जा सकता था। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि गुड़ का निर्माण मानक के अनुरूप नहीं था और उसमें अशुद्धियों की मात्रा अधिक थी। इसे मानव उपभोग के लिए भी अनुपयुक्त बताया गया।


संयुक्त टीम ने मौके पर ही करीब 50 क्विंटल से अधिक काला गुड़ जब्त कर उसे विनष्ट कर दिया। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर विधि सम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त होने वाले कच्चे माल की आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। गन्ना अधिकारी राम सिंह ने बताया कि किसानों और क्रॉसर संचालकों को गुणवत्ता मानकों का पालन करना अनिवार्य है। उत्पाद विभाग ने भी कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने संकेत दे दिया है कि अवैध गतिविधियों पर अब सख्ती और बरती जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here