



बेतिया/मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट ।।
बेतिया/मझौलिया। पश्चिमी चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध गतिविधियों का खुलासा किया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देशानुसार चलाया गया।जहाँ थाना अंतर्गत जौकटिया वार्ड संख्या 2 एवं बैठनिया वार्ड संख्या 5 में एक साथ छापेमारी कर चार आरोपितों को चिन्हित किया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने मिथिलेश यादव पिता–सुरेश यादव एवं मुकेश कुमार पिता–रमेश यादव दोनों निवासी जौकटिया वार्ड संख्या 2 तथा मोहित कुमार उर्फ आलोक कुमार पिता–मनोज राय बैठनिया वार्ड संख्या 5 निवासी को गिरफ्तार किया। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। चौथे आरोपित की तलाश जारी है।

कार्रवाई के क्रम में विभिन्न बैंकों के 9 एटीएम कार्ड, 1 पासबुक और 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए। जांच में मोबाइल के व्हाट्सएप चैट में पाकिस्तानी कोड +92 से जुड़े नंबरों के साथ बातचीत के प्रमाण मिले हैं। बरामद सामग्री को जब्त कर विधिवत सूची तैयार की गई है। इस मामले में मझौलिया थाना कांड संख्या 193/2026 दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि सभी आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है तथा जब्त डिजिटल साक्ष्यों की गहन तकनीकी जांच की जा रही है। छापेमारी दल में पु.नि. सह थानाध्यक्ष अमर कुमार, डीआईयू टीम बेतिया, पु.अ.नि. संजय कुमार, पु.अ.नि. अनुज कुमार ओझा, पु.अ.नि. पुरुषोत्तम पांडेय, स.अ.नि. सुमन झा एवं थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि संदिग्ध गतिविधियों पर आगे भी कड़ी नजर रखी जाएगी।










