एसएसबी एवं वाल्मीकिनगर पुलिस के जवानों ने मवेशी तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम की, 5 मवेशियों से लदा वाहन जब्त।

0
47



Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 21वीं बटालियन के जवानों एवं वाल्मीकि नगर पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए मवेशी तस्करी की एक बड़ी कोशिश को विफल कर दिया। यह कार्रवाई सीमावर्ती क्षेत्र सतपुर गांव के समीप गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जहां से पांच मवेशियों से लदा एक संदिग्ध पिकअप वाहन जब्त किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 21वीं बटालियन को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर सीमावर्ती क्षेत्रों से मवेशियों को अवैध रूप से ले जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही जवानों ने सतपुर गांव के आसपास के इलाके में विशेष निगरानी और तलाशी अभियान शुरू कर दिया। तलाशी के दौरान एक पिकअप वाहन संदिग्ध अवस्था में लावारिस खड़ा मिला। वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर बी 22 जीबी 5672 बताया जा रहा है। जब जवानों ने वाहन की जांच की तो उसमें पांच मवेशी पाए गए। मवेशियों को अत्यंत संकीर्ण और क्रूरतापूर्ण तरीके से ठूंसकर रखा गया था, जिससे उनकी हालत भी चिंताजनक प्रतीत हो रही थी। हालांकि वाहन में कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि तस्कर एसएसबी एवं पुलिस की हलचल भांपकर मौके से फरार हो गए। एसएसबी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए मवेशियों सहित वाहन को जब्त कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वाल्मीकिनगर थाना के हवाले कर दिया। इस संबंध में वाल्मीकिनगर थाना अध्यक्ष मुकेश चंद्र कुमर ने बताया कि वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और इसमें संलिप्त तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र मवेशी तस्करी के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। सीमावर्ती इलाकों में अक्सर तस्कर सुनसान रास्तों और ग्रामीण मार्गों का उपयोग कर अवैध गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश करते हैं। लेकिन एसएसबी की लगातार गश्त और खुफिया नेटवर्क की सक्रियता के चलते ऐसे प्रयासों को समय-समय पर विफल किया जाता रहा है। इस कार्रवाई से न केवल मवेशी तस्करी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी एक सख्त संदेश जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी एसएसबी की तत्परता की सराहना की है और सीमा की सुरक्षा में सहयोग का भरोसा जताया है। सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी से यह स्पष्ट है कि अवैध तस्करी और अपराध पर लगाम कसने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here