



थाना में बिचौलियों की एंट्री बंद, थानाध्यक्ष का स्पष्ट संदेश।।
बेतिया/मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट ।।
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष अमर कुमार ने की, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस–पब्लिक संबंधों को और अधिक सशक्त बनाना तथा जनसमस्याओं के समाधान में आपसी सहयोग को बढ़ावा देना रहा। बैठक के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था तथा आम लोगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सामने रखते हुए पुलिस से समन्वय बनाकर समाधान की बात कही। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से भी जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेने और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। थाना अध्यक्ष अमर कुमार ने कहा कि पुलिस और जनप्रतिनिधि समाज की दो अहम कड़ियां हैं। दोनों के बीच बेहतर तालमेल से ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण कायम किया जा सकता है। उन्होंने आम जनता से भी पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की और कहा कि संवाद के माध्यम से ही समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है।

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें पुलिस–पब्लिक के रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक पहल देखने को मिली। इसी क्रम में जनप्रतिनिधियों ने थाना परिसर में बिचौलियों की कथित भूमिका का मुद्दा उठाया और कहा कि इससे आम लोगों को परेशानी होती है। इस पर थाना अध्यक्ष अमर कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि थाना में किसी भी प्रकार के बिचौलियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फरियादी सीधे पुलिस से संपर्क करें, उनकी बात सुनी जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मौके पर मझौलिया मुखिया सत्य प्रकाश, आशीष भट्ट, शौकत अली, पैक्स अध्यक्ष रूपेश सिंह, जिला पार्षद लालू यादव , साधु सहनी, विक्की बसंत, सरपंच संजय पटेल, फिरोज देवान, महम्मद मुस्तफा, शिबू तिवारी, समाजसेवी उपेंद्र कुमार साह, सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे ।










