



जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह,
बेतिया/वाल्मीकिनगर। चंपारण रेंज के डीआईजी हरि किशोर राय ने शुक्रवार की दोपहर वाल्मीकिनगर पहुंच थाने का निरीक्षण किया। उनके साथ बगहा पुलिस कप्तान सुशांत कुमार सरोज, एसडीपीओ कुमार देवेंद्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। डीआईजी को महिला सिपाहियों के द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वाल्मीकिनगर दौरे के बाबत बताते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक हरि किशोर राय ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा साल में एक बार प्रत्येक थाने का निरीक्षण किया जाता है। उसी सिलसिले में वाल्मीकिनगर थाने का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि थाना में कितने भवन हैं, तथा किस भवन की क्या उपयोगिता है, इसके बारे में बारीकी से जानकारी ली गई। साथ ही अभिलेखों का संधारण किस तरह किया जा रहा है, उसको भी देखा गया। उन्होंने बताया कि लंबित कांडों का निष्पादन किस रूप में हो रहा है, इसके बारे में भी थानाध्यक्ष से जानकारी ली गई है।डीआईजी ने बताया कि लगभग तीन महीने के पश्चात बिहार विधानसभा चुनाव होना है। चुनाव पूर्व पुलिस प्रशासन की क्या तैयारी होनी चाहिए, इस पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा किया जाएगा। फिलहाल थाना में किन-किन चीजों की आवश्यकता है किस भवन की आवश्यकता आने वाले चुनाव में पड़ने वाला है, साथ ही कुल कितने कमरे खाली पड़े हैं, इसका निरीक्षण थानाध्यक्ष व बगहा एसपी के साथ किया गया है। जो कमियां पाई गई है, उन कमियों को दूर करने के लिए सभी अधिकारियों को दिशा निर्देश दिया गया है।










